Monday 1 April 2013

खुद को राष्ट्रहित में समर्पित करें आइएएस अधिकारी


मसूरी, जागरण कार्यालय। केंद्रीय गृहमंत्री पी. चिदंबरम ने कहा कि प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों को देश के विभिन्न भागों की हर दृष्टि से जानकारी होनी आवश्यक है। उन्हें अपने पेशे को राष्ट्रहित में समर्पित कर आने वाली पीढ़ी के लिए मिसाल कायम करनी चाहिए। गृहमंत्री ने बुधवार को लाल बहादुर शास्त्री प्रशासनिक अकादमी, मसूरी में भारतीय प्रशासनिक सेवा के प्रशिक्षु अफसरों को संबोधित करते हुए यह बात कही।
एलबीएस प्रशासनिक अकादमी के संपूर्णानंद सभागार में 2011 बैच के फेज-प्रथम के प्रशिक्षु अधिकारियों को संबोधित करते हुए गृहमंत्री चिदंबरम ने देश सेवा में प्रशासनिक अधिकारियों की भूमिका और आने वाले समय की चुनौतियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि अकादमी में प्रशिक्षण लेने के बाद प्रशिक्षु अधिकारियों को देश के विभिन्न राज्यों में सेवाएं देनी हैं। ऐसे में जरूरी है कि उन्हें देश के सभी भागों की हर दृष्टि से जानकारी हो। उन्होंने देश-दुनिया के वर्तमान परिदृश्य को भी रेखांकित किया।
करीब पौने दो घंटे के व्याख्यान के बाद श्री चिदंबरम ने अकादमी परिसर में हुए निर्माण कार्याें का निरीक्षण किया। दोपहर का भोजन करने के बाद सवा दो बजे वे सड़क मार्ग से देहरादून के लिए रवाना हो गए और वहां से विमान से वापस दिल्ली चले गए।

No comments:

Post a Comment